लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
योजनाओं के प्रचार-प्रसार और संगठन को सशक्त बनाने में सोशल मीडिया की अहम भूमिका
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सूचना क्रांति के युग में सोशल मीडिया जनता तक पहुंचने का सबसे प्रभावी और सुगम माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि यह न केवल जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में सहायक है, बल्कि शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री रविवार को कृषि अनुसंधान केन्द्र, दुर्गापुरा में आयोजित भाजपा सोशल मीडिया वॉरियर्स मीट-2025 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया टीम के समर्पण और मेहनत के कारण ही विधानसभा चुनाव में पार्टी को प्रचंड बहुमत मिला।

दो वर्षों में 70% संकल्प पूरे: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप बनाए गए संकल्प पत्र का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
-
लगभग दो वर्ष में 70 प्रतिशत वादे पूरे कर लिए गए हैं।
-
राज्य सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को 28 करोड़ रुपये बिना किसी भेदभाव के प्रदान किए हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान पेपर लीक से युवाओं को बड़ा नुकसान हुआ, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार में एक भी परीक्षा पत्र लीक नहीं हुआ। सरकार ने अब तक 92 हजार युवाओं को नियुक्तियां दी हैं और इस माह 15 हजार नियुक्ति पत्र और बांटे जाएंगे।
बड़ी परियोजनाओं को मिली गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के तुरंत बाद विकास का रोडमैप तैयार किया गया और उसके अनुसार योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
-
रामजल सेतु लिंक परियोजना और यमुना जल समझौता को नई गति मिली है।
-
राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू साइन हुए, जिनमें से 7 लाख करोड़ रुपये के निवेश जमीन पर उतर चुके हैं।

किसानों के लिए महत्वपूर्ण फैसले
राज्य सरकार द्वारा किसानों के लिए कई कल्याणकारी निर्णय लिए गए हैं—
-
किसान सम्मान निधि के तहत राजस्थान के किसानों को 9,000 रुपये प्रतिवर्ष।
-
पशुपालकों को 1.5 लाख रुपये का गोपालक क्रेडिट कार्ड।
-
दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान।
-
2027 तक दिन में बिजली उपलब्ध कराने के लक्ष्य के तहत 22 जिलों में दिन के समय बिजली आपूर्ति शुरू।

‘अंत्योदय’ के मूल सिद्धांत पर कार्य: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि तकनीक के विकास के साथ सोशल मीडिया प्रचार का सबसे सशक्त माध्यम बन गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, बल्कि नीतिगत संकल्प और राष्ट्र प्रथम की भावना सर्वोपरि रहती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य तेजी से विकसित राजस्थान के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा सोशल मीडिया प्रदेश प्रभारी हीरेन्द्र कौशिक, प्रदेश आईटी संयोजक अविनाश जोशी, तथा सोशल मीडिया से जुड़े अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















































