लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
जयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एसएमएस स्टेडियम में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन का प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सुना।
कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े एवं उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा की गरिमामयी उपस्थिति में नागरिकों, योग साधकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत से आगे बढ़कर वैश्विक स्तर पर स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली का प्रतीक बन चुका है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और समग्र स्वास्थ्य का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेशवासियों से आह्वान किया गया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाकर ‘स्वस्थ राजस्थान, विकसित राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
समारोह में राज्यसभा सांसद अलका गुर्जर, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सैनी, जयपुर ग्रेटर नगर निगम की पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।