लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
पादूकलां। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) के एक्शन प्लान की पालना में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेड़ता के अध्यक्ष अरुण कुमार बेरीवाल (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) एवं सचिव स्वाति शर्मा के निर्देशानुसार किसान शिक्षण संस्थान माध्यमिक विद्यालय, लांपोलाई में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पैरा लीगल वॉलेंटियर (अधिकार मित्र) जुगल सिंह सोलंकी ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं रालसा द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बाल हितैषी विधिक सेवाओं के अंतर्गत बच्चों के अधिकार, बाल विवाह प्रतिषेध, बाल श्रम निषेध तथा कानून से संघर्षरत बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में बताया। साथ ही यह भी जानकारी दी कि निर्धन, असहाय, महिलाएं, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग, वृद्धजन एवं दिव्यांगजन को विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है।
शिविर में एसिड अटैक पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत मुआवजा, उपचार, पुनर्वास एवं विधिक सहायता संबंधी प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया। इसके अतिरिक्त जनजातीय अधिकारों, वन अधिकार अधिनियम तथा भूमि एवं आजीविका से जुड़े अधिकारों की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि वे अथवा उनके परिजन किसी भी विधिक समस्या के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेड़ता कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं तथा नालसा हेल्पलाइन के माध्यम से भी निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कैलाशचंद पारीक सहित नारायण उपाध्याय, रेखा पारीक, महेश पारीक, संजय घटियाला, निसार मोहम्मद एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में विधिक जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग करना रहा।














































