लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। कस्बे के बस्सी की ढाणी स्थित लखदातार स्टेडियम में मंगलवार को आयोजित दर्शक दिवस समारोह में स्काउट-गाइड्स ने साहसिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन जीत लिया। बच्चों की ऊर्जा, अनुशासन और उत्साह देखते ही बन रहा था।
समारोह में मुख्य अतिथि प्रधान प्रतिनिधि रियांबड़ी मदनराम गौरा और अध्यक्ष भंवरलाल खंदोलिया का राजस्थानी साफा और माल्यार्पण से स्वागत किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीपीईओ गोपाल सिंह चारण, सीबीईओ विमलेश शर्मा, प्रधानाचार्य प्रमिला देवी, श्याम सुंदर दाधीच, प्रदीप भाटी, मोतीलाल चौधरी, श्रवणराम जोशी, सुशील डांगा और भंवरलाल गौरा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
स्काउट-गाइड्स ने गांठ कला, प्राथमिक उपचार, पिरामिड निर्माण, लोकनृत्य और खेलकूद जैसी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथि मदनराम गौरा ने कहा कि “स्काउटिंग सेवा, नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना सिखाने वाला श्रेष्ठ मंच है।” उन्होंने इस अवसर पर रियांबड़ी स्काउट-गाइड भवन में टीन शेड निर्माण की घोषणा की।
एडीपीईओ गोपाल सिंह चारण ने कहा कि “स्काउटिंग जीवन को अनुशासित और सार्थक बनाती है।”
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्काउट-गाइड्स को सम्मानित किया गया। समारोह उत्साह, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
















































