लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सिरोही/आबूरोड। सियावा गांव में 7 अप्रैल 2026 को प्रसिद्ध गणगौर मेले का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इसको लेकर आदिवासी गरासिया समाज में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और पूरे क्षेत्र में धार्मिक व सांस्कृतिक माहौल बना हुआ है।
यह पावन पर्व भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित है। मेले में महिलाएं अपने सुहाग और सौभाग्य की कामना करेंगी, वहीं कुंवारी कन्याएं मनचाहे वर की प्राप्ति के लिए पूजा-अर्चना करेंगी।
मेले के दौरान आदिवासी लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। साथ ही हाट बाजार में ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिलेगी, जहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और मेल-जोल के लिए जुटेंगे।
मेले के समापन पर शिव-पार्वती की भव्य सवारी निकाली जाएगी, जो पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा।
प्रशासन और स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सियावा गांव में कल आस्था, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।






















































