लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
स्थान: पादूकलां
कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में बुधवार को गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। शुभ मुहूर्त में गाजे-बाजे और जयकारों के बीच गजानंद महाराज की प्रतिमा का विधिविधान से स्थापना की गई।
गणेश चौक पर वैदिक विधि से स्थापना
गणेश चौक पर आचार्य पंडित रामअवतार सारस्वत और पूजारी कैलाशपुरी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान गणेश को रिद्धि-सिद्धि सहित विराजमान करवाया।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अर्जुन गोदारा, अमरचंद सोनी, सरपंच प्रतिनिधि शिवजीराम फडौदा और उप सरपंच हरीश सोनी ने पूजा-अर्चना कर परिवार और ग्राम की खुशहाली की कामना की।
सामाजिक संगठनों की भागीदारी
-
गणेश महोत्सव समिति
-
युवा गौ सेवा संगठन
-
अन्य सामाजिक संगठन
इन सभी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ सैकड़ों ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए। महिलाओं और बालिकाओं ने भी विशेष पूजा-अर्चना की।
पूजारी कैलाशपुरी और पंडित रामअवतार सारस्वत ने महाआरती कर मोदक का भोग लगाया और प्रसाद का वितरण किया।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्सव
सिर्फ कस्बे में ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों — सथाना कलां, कोड, मेवड़ा, लांपोलाई, अरनियाला, बिखरनिया कलां, बग्गड़, नथावड़ा और पालड़ीकलां आदि में भी सरपंचों और ग्रामीणों की मौजूदगी में गजानंद महाराज की प्रतिमा स्थापित की गई।
गांव-गांव में जयकारों की गूंज से धार्मिक वातावरण बन गया और श्रद्धालुओं ने गांव एवं देश की खुशहाली की कामना की।