Home latest श्रेयांशनाथ भगवान का गर्भ कल्याणक महोत्सव श्रद्धा से मनाया

श्रेयांशनाथ भगवान का गर्भ कल्याणक महोत्सव श्रद्धा से मनाया

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

उनियारा (दुर्योधन मयंक)। उपखंड क्षेत्र के श्री दिगम्बर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र सुथड़ा में जैन धर्म के 11वें तीर्थंकर भगवान श्रेयांशनाथ का गर्भ कल्याणक महोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाया गया।

प्रबंध समिति अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराणा एवं संतु जैन ने बताया कि ज्येष्ठ कृष्ण षष्ठी को मनाया जाने वाला यह पावन दिवस उस अवसर की स्मृति में मनाया जाता है, जब भगवान श्रेयांशनाथ की आत्मा अच्युत स्वर्ग से च्यवन कर सिंहपुरी में माता सुनंदा के गर्भ में प्रविष्ट हुई थी।

महोत्सव के अवसर पर शास्त्री प्रिंस जैन देवांश के निर्देशन में मंगलाष्टक, नित्य अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन हुआ। इसके बाद देव-शास्त्र-गुरु पूजा, चौबीस तीर्थंकर पूजा एवं भगवान श्रेयांशनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

बढ़ती गर्मी को देखते हुए तीर्थ क्षेत्र पर पक्षियों के लिए जलपात्र भी लगाए गए। आयोजकों ने इसे जीव दया एवं प्रकृति संरक्षण की प्रेरणादायी पहल बताया।

सांयकाल श्रेष्ठी परिवार एवं शुक्रवार भक्तामर मंडल उनियारा के तत्वावधान में भक्तामर दीपार्चना का आयोजन भी श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version