लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
400 यूनिट रक्त संग्रहित, युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक ने किया रक्तदान
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। श्रीराम मण्डल सेवा संस्थान की ओर से शास्त्रीनगर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर के पास खाण्डल विप्र विकास ट्रस्ट छात्रावास परिसर में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस शिविर में कुल 400 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ पूर्व नगर परिषद सभापति ओम नराणीवाल, उद्योगपति राधाकिशन सोमानी, भीलवाड़ा मजदूर संघ अध्यक्ष पन्नालाल चौधरी, समाजसेवी कैलाश तापड़िया, अनिल राठी, पार्षद आशा शर्मा एवं पूर्व पार्षद कैलाश शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने किया। अतिथियों का स्वागत संस्थान के अध्यक्ष शांतिप्रकाश मोहता ने किया।
पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं में दिखा उत्साह
शिविर प्रभारी ममता शर्मा ने बताया कि रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों और समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ऐसे युवा भी शिविर में पहुंचे जिन्होंने जीवन में पहली बार रक्तदान किया। मानव सेवा के इस कार्य में सहभागी बनकर वे विशेष रूप से उत्साहित नजर आए।
पूर्व पार्षद कैलाश शर्मा ने पत्नी पार्षद आशा शर्मा के साथ सजोड़ा रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं 51वीं बार रक्तदान करने वाले परमेश्वर बाहेती जैसे अनुभवी रक्तवीरों ने भी सहभागिता निभाई, जो अन्य रक्तदाताओं के लिए प्रेरणास्रोत बने।
चिकित्सकीय जांच के बाद किया गया रक्तदान
रक्तदान से पूर्व सभी रक्तदाताओं की ब्लड प्रेशर, शुगर सहित आवश्यक चिकित्सकीय जांच की गई। तेज सर्द हवाओं के बावजूद रक्तदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। 25 बैड लगाए जाने के बावजूद कई बार रक्तदाताओं को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा।
रक्त संग्रहण का कार्य महात्मा गांधी चिकित्सालय ब्लड बैंक, रामस्नेही चिकित्सालय ब्लड बैंक एवं भीलवाड़ा ब्लड बैंक की टीमों द्वारा किया गया।
शिविर की सफलता में रहा सामूहिक सहयोग
शिविर को सफल बनाने में संस्थान के सदस्य मुकेश वर्मा, संजय पारीक, चौनसिंह चौहान, रामावतार शर्मा, संजय तोषनीवाल, किशन जाट, मंगलचंद मिश्रा, राधेश्याम खेतान, बनवारी माली, राजपाल ढाका, जितेंद्र सेन, दिनेश लखोटिया, हनुमान परिहार, लक्की सैनी, बाबूलाल तिवाड़ी, जयेश पारीक एवं सुभाष शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सक्रिय सहयोग रहा।
शिविर स्थल पर रक्तदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। सुबह से शुरू हुई रक्तदान की कतार शाम तक लगातार बनी रही, जो इस आयोजन की सफलता और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता को दर्शाती है।











































