लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पांच महिलाओं ने शुरू किए अपने व्यवसाय
नागौर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागौर जिले के गोगेलाव गांव में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। बालवा रोड स्थित इंद्रा कॉलोनी में एयू फाउंडेशन एवं ईताशा सोसाइटी के सहयोग से संचालित महिला समृद्धि कार्यक्रम के तहत चयनित पांच महिला उद्यमिनियों ने अपने-अपने व्यवसायों की शुरुआत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। इस अवसर पर महिलाओं ने अपने नए प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर व्यवसायिक सफर की शुरुआत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बलदेव राम मिर्धा राजकीय महाविद्यालय नागौर के पूर्व प्राचार्य डॉ. शंकर लाल जाखड़, श्री साईं सेवा समिति के परमाराम जाखड़, राजीविका प्रमुख नीलम भणभेरू तथा कॉमेडियन राजेंद्र धोलिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
महिला समृद्धि कार्यक्रम के तहत पूजा सरगरा, कुसुम सरगरा, मंजू लुहार और चंद्रा सोनी सहित चयनित महिला उद्यमिनियों को विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जोड़ा गया। इनमें सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कपड़ा दुकान, कॉस्मेटिक शॉप और फैंसी शॉप जैसे व्यवसाय शामिल हैं।
अतिथियों ने नव स्थापित दुकानों का अवलोकन किया और रिबन काटकर उनका उद्घाटन किया। महिलाओं ने अपनी दुकानों को आकर्षक एवं व्यवस्थित ढंग से सजाया, जिसकी सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर डॉ. शंकर लाल जाखड़ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि स्वयं का व्यवसाय महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनके परिवारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ करता है।
कार्यक्रम के दौरान मोहल्लेवासियों को मिठाई वितरित की गई। ईताशा सोसाइटी के कोऑर्डिनेटर महावीर नागर एवं गजराज कंवर ने एयू उद्योगिनी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने वाला यह आयोजन स्वतंत्रता दिवस पर आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण के संदेश को साकार करता नजर आया।