लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर | (मनजीत सिंह) श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ जाटान थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को करीब 9 ग्राम चिट्टा (नशीला पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजयदीप उर्फ दीपा (25) पुत्र जसवीर सिंह, निवासी खुई खेड़ा रुकानपुरा (पंजाब) के रूप में हुई है।
आर्मी इंटेलिजेंस की सूचना पर कार्रवाई
यह कार्रवाई आर्मी इंटेलिजेंस से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और थाना प्रभारी गुरमेल सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सप्लाई करने आया था आरोपी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी दलियावाली क्षेत्र में किसी व्यक्ति को चिट्टा सप्लाई करने आया था। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




















































