लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी। समदड़ी कस्बे के अजीत रोड स्थित प्रजापत समाज के आराध्य देवी श्री श्रीयादे माता मंदिर पर माता जयंती के अवसर पर दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रजापत समाज 24 खेड़ा सिवांची पट्टी के तत्वावधान में और सोमान्ध महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।
मंदिर में पारंपरिक पूजन
मंदिर ट्रस्ट कमेटी अध्यक्ष बगदाराम प्रजापत ने बताया कि मंगलवार सुबह मंदिर में स्थापित देव प्रतिमाओं को स्नानादि कर नव वस्त्रों से सुज्जित किया गया। मंदिर परिसर में बने हवन कुंड में भक्तजन आहुतियां दी और शिखर पर अमर ध्वजा का अनावरण किया गया।
इसके बाद माता की महाआरती कर समाज में खुशहाली की कामना की गई।
विशाल शोभायात्रा
महाआरती के पश्चात विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में सबसे आगे डीजे पर थिरकते हुए युवा व महिलाएं रही। शोभायात्रा में भक्त शिरोमणी श्रीयादे माताजी की झांकी, राम दरबार, शिव दरबार और कृष्ण दरबार की झांकियां शामिल थीं, जिसने शोभायात्रा को और भव्य बना दिया।
शोभायात्रा श्रीयादे मंदिर से रवाना होकर पिपली चौक, गौर का चौक, मेन बाजार, दोवल माता मंदिर होते हुए गोविंदरामजी की बगेची पहुंची। वहां दर्शन के पश्चात पुनः मंदिर लौटकर विसर्जित हुई। इसके बाद मंदिर में महाप्रसादी का आयोजन किया गया।
समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने लिया भाग
कार्यक्रम में माटी कला बोर्ड अध्यक्ष पहलाद टांक, पूर्व विधायक मदन प्रजापत, सिवाना प्रधान मुकनसिंह राजपुरोहित, नारायण प्रजापति नागौर, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी घेवरचंद प्रजापत, ओमप्रकाश प्रजापत, पंचायत समिति सदस्य चम्पालाल प्रजापत, गोपाराम परमार, एडवोकेट घेवरचंद रामीणा सहित हजारों समाज बंधु उपस्थित रहे।
भजन संध्या में भक्तिरस का अनुभव
सोमवार की रात भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भजन गायक तरुण प्रजापत जसोल ने गणपति वंदना से किया। उन्होंने गुरु महिमा एवं श्रीयादे माताजी के भजन प्रस्तुत किए, जिससे श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर हो गए।
कार्यक्रम में अन्य भजन गायकों ने भी भजनों की प्रस्तुति दी और नृत्य कलाकार मदन प्रजापत ने अपनी कला से सबका मन मोह लिया। मंच संचालन राजु माली ने किया। इसके अलावा वार्षिक चढ़ावे की बोलियों भी समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर पढ़ीं।















































