लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। वस्त्रनगरी के प्रसिद्ध श्री मसानिया भैरवनाथ मंदिर में इस वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व अभूतपूर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। भगवान शिव और शक्ति के मिलन के इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में दो दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले भर से हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
श्री मसानिया भैरवनाथ विकास समिति के अध्यक्ष रवि कुमार सोलंकी ने बताया कि महाशिवरात्रि महोत्सव की शुरुआत प्रथम दिवस की रात्रि में बाबा भैरवनाथ के सहस्त्रधारा अभिषेक से होगी। शास्त्रों में सहस्त्रधारा अभिषेक को अत्यंत कल्याणकारी माना जाता है, जिससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उत्सव के दूसरे दिन कार्यक्रम अपनी पूर्ण भव्यता के साथ आयोजित होगा। इस दिन बाबा भोलेनाथ के 12 विशेष अभिषेक और 12 भव्य महाआरतियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मध्यरात्रि में होने वाली चिता भस्म आरती रहेगी। श्मशान अधिपति के रूप में भगवान शिव की यह विशेष पूजा साधकों के लिए आध्यात्मिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।
मंदिर के पुजारी संतोष कुमार खटीक ने बताया कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं बल्कि आत्म-साक्षात्कार की रात्रि है। उन्होंने भीलवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से इस भव्य आयोजन में शामिल होकर दुर्लभ अनुष्ठानों का साक्षी बनने का आह्वान किया।
मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

















































