लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
1008 कन्याओं के पैर धोकर पूजन, तिलक व चुनरी ओढ़ाई, भव्य गरबा और महाआरती में उमड़े भक्त
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
श्री बाबाधाम में 22 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक आयोजित नवरात्रि महोत्सव का समापन बुधवार को बड़े धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ हुआ।
भव्य सजावट और श्रृंगार
मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया। प्रतिदिन माता रानी का विशेष श्रृंगार हुआ तथा सुबह 9.15 बजे से हवन-पूजन आयोजित किया गया।
गरबा और अंतिम दिन की विशेषता
नवरात्रि के दौरान हुए गरबा नृत्य विशेष आकर्षण का केन्द्र रहे। अंतिम गरबा में तो भक्तों की माँ के दरबार में नाचने की होड़ मच गई। श्रद्धा और उत्साह से नाचते भक्तों के बीच वातावरण माँ के जयकारों से गूंज उठा।
पूर्णाहुति और कन्या पूजन
अंतिम दिन सुबह पूर्णाहुति के बाद विशेष अनुष्ठान में 1008 कन्याओं के पैर धोकर पूजन किया गया। कन्याओं को तिलक लगाकर चुनरी ओढ़ाई गई तथा फल और भोजन प्रसादी प्रदान की गई। यह कार्यक्रम स्वयं श्री बाबाधाम अध्यक्ष विनीत अग्रवाल की देखरेख में सम्पन्न हुआ।
संत-समाज और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, समाजसेवी श्याम चांडक सहित अनेक गणमान्य, धर्मप्रेमी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। हज़ारों भक्तों ने हवन, पूजन और महाआरती में भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
अष्टधातु मूर्ति और विशेष कार्यक्रम
नवमी को अष्टधातु की माँ की मूर्ति के दर्शन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह रहा। सांयकाल 7.15 बजे महाआरती और तलवार का झाड़ा हुआ।
इसके बाद रात 8 बजे से श्री बाबाधाम का 1068वां सुन्दरकाण्ड पाठ आयोजित हुआ, जो ठीक 10 बजे पूर्ण हुआ।
साप्ताहिक आयोजन जारी
श्री बाबाधाम पर परंपरा के अनुसार प्रत्येक शनिवार साप्ताहिक सुन्दरकाण्ड पाठ होता है, जिसमें सैकड़ों भक्त शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
