लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
बाजार में तनाव, सांसद ने बनाई उच्च-स्तरीय समिति, निर्माताओं ने रोका ग्रे डिस्पैच
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
वस्त्रनगरी भीलवाड़ा के करोड़ों रुपये के कपड़ा उद्योग पर संकट गहराता दिख रहा है। कपड़ा निर्माता कंपनियों ने प्रोसेस हाउसों द्वारा लगाए गए 2% अतिरिक्त चार्ज का कड़ा विरोध किया है और ऐलान किया है कि जब तक यह चार्ज वापस नहीं लिया जाता, तब तक ग्रे डिस्पैच प्रोसेस हाउस में नहीं भेजा जाएगा।
उद्यमियों का विरोध
मंगलवार को भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन के गांधीनगर कार्यालय में बड़ी संख्या में कपड़ा निर्माता पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। उद्यमियों ने स्पष्ट कहा कि 2% अतिरिक्त चार्ज उनकी लागत को असहनीय रूप से बढ़ा रहा है।
सांसद ने बनाई समिति
इस मौके पर फेडरेशन अध्यक्ष व स्थानीय सांसद दामोदर अग्रवाल ने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं और तत्काल स्थायी समाधान के लिए उच्च-स्तरीय समिति गठित की।
इस समिति में फेडरेशन के संस्थापक अध्यक्ष श्याम चांडक और वरिष्ठ सदस्य रामेश्वर काबरा को शामिल किया गया है, जो वीवर्स और प्रोसेसर्स के बीच संवाद स्थापित कर विवाद सुलझाने का प्रयास करेंगे।
बैठक में उपस्थित
फेडरेशन अध्यक्ष दामोदर अग्रवाल, संरक्षक श्याम चांडक, सचिव प्रेम गर्ग, रामेश्वर काबरा, पारस बोहरा सहित कई उद्यमियों ने विस्तार से चर्चा की।
विरोध जताने वालों में सुरेश जाजू, शिव सोडाणी, गोपाल झंवर, संतोष आगाल, नंदकिशोर झंवर, शिरीश जैन, दीपक बंसल, योगेश बियानी, सुशील चोरडिया, कैलाश बिरला, सौरभ बेसवाल, पुनीत कोठारी, रामपाल असावा, महेश हूरकट, अविनाश सोमानी, सी.के. संगतानी सहित कई प्रमुख उद्योगपति मौजूद रहे।
