लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर,।(रूपनारायण सांवरिया) भारतीय मजदूर संघ, जिला जयपुर द्वारा संघ के स्थापना दिवस एवं 70 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा – “शून्य से शिखर की ओर” के उपलक्ष्य में एक संगठित वाहन रैली का आयोजन किया गया। प्रचार मंत्री अक्षय कुमार ने बताया यह रैली एनबीसी कंपनी, हरिपुरा से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक, गवर्नमेंट हॉस्टल तक पहुंची, जहां पर इसका समापन जनसभा के रूप में हुआ।
यूनियनों की एकजुट भागीदारी
रैली में एनबीसी मजदूर यूनियन, विद्युत विभाग, जलदाय विभाग, परिवहन फेडरेशन, एम्बुलेंस यूनियन, ठेला यूनियन, जलमहल चौपाटी यूनियन,ऑटो रिक्शा यूनियन सहित जयपुर जिले की सभी प्रमुख यूनियनों के कर्मचारी एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
एम्बुलेंस यूनियन की 100 से अधिक एम्बुलेंसें रैली में सम्मिलित होकर आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनीं। कार्यकर्ताओं ने दोपहिया व चौपहिया वाहनों पर भारतीय मजदूर संघ के ध्वज लगाकर नारेबाजी करते हुए संगठित शक्ति का प्रदर्शन किया।
शहीद स्मारक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री एवं आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक जयंतीलाल ने कहा:
> “यह 70 वर्ष की यात्रा संघर्ष, समर्पण और संगठन की भावना का परिणाम है। अब हमें इस आंदोलन को असंगठित क्षेत्र तक ले जाना है और हर श्रमिक तक अपनी आवाज पहुंचानी है।”
सभा को सिविल लाइंस क्षेत्र के विधायक गोपाल शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा:
> “मुझे मजदूर संघ का कार्यकर्ता ही समझिए। आपकी हर जरूरत पर मैं आपके साथ रहूंगा और आपकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव उपलब्ध रहूंगा।
सभा के समापन पर भारतीय मजदूर संघ जयपुर जिला अध्यक्ष रणजीत गुर्जर ने सभी यूनियनों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा:
> “राष्ट्रहित और श्रमिक कल्याण की हर पुकार पर हम एकजुट रहें – यही संगठन की शक्ति है।”
उन्होंने आगामी कार्यक्रमों में भी इसी उत्साह से सहभागिता की अपील के साथ समापन की घोषणा की।