लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
चौमहला (झालावाड़): चौमहला कस्बे के अग्रवाल समाज और अग्रवाल परिवार ने 23 सितंबर को जयपुर में सड़क हादसे में मारे गए 21 वर्षीय शिवांश अग्रवाल को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। समाज ने आरोपियों पर शीघ्र और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतक की मां नीतू अग्रवाल ने कहा, “जैसे हमारा संसार उजड़ गया, वैसे किसी और का न उजड़े।” उन्होंने जयपुर पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाया।
शिवांश को कॉलेज जाते समय तेज़ रफ़्तार थार वाहन ने टक्कर मारी थी। परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की गई और पुलिस ने अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की।
ज्ञापन के ज़रिए राजस्थान सरकार से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की गई। ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सौंपा गया, जिसे मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस महानिदेशक के नाम संबोधित किया गया था।
इस दौरान समाज के संरक्षक नारायणलाल अग्रवाल, प्रदेश मंत्री जगदीश अग्रवाल, अध्यक्ष शरद अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, अमित अग्रवाल, पूर्व सरपंच कमलेश अग्रवाल, दुर्गेश ऐरन, मधु अग्रवाल, भगवती प्रसाद अग्रवाल, प्रमोद ऐरन, महेश बंसल, अंकुर अग्रवाल, विनोद निगम, पुरण शर्मा, हेमप्रकाश टेलर, प्रेमवल्लभ भारद्वाज, रघुनंदन शर्मा, सत्यनारायण लोहार, गौरव अग्रवाल, दीप ऐरन, अशोक गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और समाज शीघ्र न्याय की मांग कर रहा है।











































