लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजित फाउंडेशन जिला स्तरीय स्कूली शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ
विजय कपूर की रिपोर्ट
बीकानेर। अजित फाउंडेशन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय स्कूली शतरंज प्रतियोगिता का उद्घाटन सुप्रसिद्ध शतरंज प्रशिक्षक शंकरलाल हर्ष, दर्शनशास्त्र के प्रोफेसर डॉ. राजनारायण व्यास एवं वरिष्ठ शतरंज खिलाड़ी अनिल बोड़ा द्वारा किया गया।
शतरंज सादगी और एकाग्रता का खेल: डॉ. व्यास
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए शतरंज खिलाड़ी एवं दर्शनशास्त्री डॉ. राजनारायण व्यास ने कहा कि बीते समय में बीकानेर के प्रत्येक मोहल्ले में शतरंज खेली जाती थी, जिसे बच्चे और किशोर उत्सुकता से देखते थे। इससे शहर में शतरंज खेल का व्यापक विकास हुआ।
उन्होंने कहा कि शतरंज एक सादगीपूर्ण और शांतिप्रिय खेल है, जिसे एकाग्रता और अभ्यास से ही दक्षता के साथ खेला जा सकता है। शतरंज खेलने से ऐसी मानसिक ऊर्जा विकसित होती है, जो जीवन की किसी भी परिस्थिति से उबरने की क्षमता प्रदान करती है।
भारत का शतरंज में बढ़ता दबदबा: शंकरलाल हर्ष
शतरंज खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक शंकरलाल हर्ष ने कहा कि वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शतरंज में भारत का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। शतरंज एक अनुशासनप्रिय खेल है, जो एकाग्रता, खेल भावना और टीम वर्क सिखाता है। यह खेल कठिन परिस्थितियों में भी सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है।
शतरंज से होता है बच्चों का सर्वांगीण विकास: अनिल बोड़ा
राजस्थान शतरंज संघ के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ शतरंज खिलाड़ी अनिल बोड़ा ने कहा कि शतरंज का सीधा संबंध बच्चों के सर्वांगीण विकास से है। यह खेल उम्र का मोहताज नहीं, बल्कि मानसिक क्षमता की परीक्षा लेता है। निरंतर अभ्यास से खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर तक भी पहुंच सकते हैं।
27 टीमों के 81 खिलाड़ियों ने लिया भाग
अजित फाउंडेशन के समन्वयक संजय श्रीमाली ने बताया कि संस्था पिछले 21 वर्षों से स्कूली शतरंज प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन कर रही है। इन प्रतियोगिताओं के कारण शहर में शतरंज का सकारात्मक माहौल बना है।
प्रतियोगिता में 27 टीमों के 81 खिलाड़ियों ने भाग लिया। पहले दिन 4 राउंड खेले गए, जबकि अंतिम 1 राउंड प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेला जाएगा।
निर्णायक और पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक वीरेंद्र नारायण जोशी रहे। अन्य निर्णायकों में भानू आचार्य, द्वारका प्रसाद छींपा, शिवशंकर बोहरा और राधिका शामिल रहीं।
प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह 28 दिसंबर 2025 को सायं 4:30 बजे अजित फाउंडेशन सभागार में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को सांतवना पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।













































