लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
— बाजार में यातायात जाम की स्थिति बरकरार
— नवज्योति में खबर के बाद चेता प्रशासन
किशनगढ़ रेनवाल।(नवीन कुमावत) दीपावली पर्व पर शहर में दर्जनों गांवों से खरीददारी करने आने वाले हजारों लोगों एवं स्थानीय लोगों की आवाजाही से बाजार में भारी भीड़ हो रही है। वहीं बड़ी संख्या में आने वाले दोपहिया एवं चौपहिया वाहनों के कारण से यातायात जाम की स्थिति बदस्तूर जारी है। हालांकि स्थानीय प्रशासन ने बासडी बाईपास के पास बाजार में प्रवेश करने वाले मुख्य रास्ते पर बेरिकेटिंग लगाकर हल्के भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया है, लेकिन यहां पुलिसकर्मी नदारद दिखे। सख्ती नहीं होने के कारण वाहन चालक भी बेखौफ बाजार में जाते दिखे।
गौरतलब है कि शहर में हजारों की संख्या में आबादी निवास करती है। इसके अलावा आसपास के करीब 40 से अधिक गांवों के लोग भी यहां गाहे बगाहे शादी ब्याह या त्योहार पर खरीददारी करने आते हैं। इससे यहां आवागमन में भारी परेशानी उत्पन्न हो जाती है। इसके अलावा मुख्य बाजार में बेतरतीब खड़े वाहनों, व्यापारियों द्वारा किए गए अतिक्रमण, सब्जी फल ठेलों वाला द्वारा अनिश्चित जगहों पर ठेला लगाने आदि से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ी हुई है। दिनभर शहर के मुख्य बाजार सहित अन्य रास्तों में जाम की स्थिति रहती है। इससे आमजन एवं राहगीरों के साथ ही वाहन चालकों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि नवज्योति में इस संबंध में बुधवार को “बाजार दिनभर जाम, व्यापारियों ने कर रखा है दुकानों के बाहर अतिक्रमण” शीर्षक से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने हल्के भारी चौपहिया वाहनों के लिए नाकाबंदी कर इनके कस्बे के मुख्य बाजार में प्रवेश पर रोक लगा दी है।









































