लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सवाई माधोपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अजमेर से 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की और राज्य स्तरीय रोजगार उत्सव में भाग लिया। जिले में आयोजित वर्चुअल समारोह में 489 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें राजस्व, मनरेगा, पशुपालन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और राजमेस के विभिन्न पदों के चयनित कार्मिक शामिल थे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर काना राम ने नवचयनितों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर 16,686 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके तहत भाड़ौती, करनू, मांडा, बम्बलू और बालेसर में 220 केवी जीएसएस और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशन का निर्माण तथा नेशनल हाईवे-552 कुस्तला-सवाई माधोपुर सेक्शन के फोर लेन कार्यों का शिलान्यास शामिल है।


















































