लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर पुलिस का बड़ा कदम महिला सुरक्षा के लिए
जयपुर |
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जयपुर पुलिस ने विशेष अभियान “सशक्त नारी, जिम्मेदारी हमारी” की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनों की जानकारी दी जा रही है, साथ ही टैक्सी, ऑटो और डिलीवरी सेवाओं से जुड़े चालकों का चरित्र सत्यापन भी किया जा रहा है।
पुलिस आयुक्त ने दिलाई सुरक्षा शपथ
जयपुर पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ ने महारानी महाविद्यालय पहुंचकर छात्राओं को महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी दी और उन्हें सुरक्षा शपथ दिलाई। इस दौरान छात्राओं को सेफ्टी वॉरियर बैज वितरित किए गए और राजकोप व नीड हेल्प ऐप डाउनलोड करवाया गया।
आयुक्त ने कहा कि हर बालिका को सेल्फ डिफेंस आना चाहिए और गलत परिस्थिति में घबराने के बजाय डटकर मुकाबला करना चाहिए।
3000 से अधिक महिलाओं को किया जागरूक
20 से 26 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान में अब तक 3000 से अधिक बालिकाओं और महिलाओं को जागरूक किया गया है। महिला पुलिस अधिकारी और कार्मिक स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिला अधिकारों, सुरक्षा कानूनों और आत्मरक्षा की जानकारी दे रहे हैं।
अभियान के तीसरे दिन शहर के विभिन्न इलाकों और विद्यालयों में महिला सुरक्षा पर लाइव सेल्फ डिफेंस डेमो प्रस्तुत किए गए, जिनमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
‘आउटरीच प्रोग्राम’ और ‘वॉक एंड टॉक’
-
आउटरीच प्रोग्राम: एमजीडी कॉलेज, महारानी कॉलेज, महिंद्रा सेज, मणिपाल यूनिवर्सिटी सहित कई स्थानों पर सुरक्षा शपथ, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
-
वॉक एंड टॉक: अमृत नगर और रेलवे कॉलोनी जगतपुरा में महिला पुलिस अधिकारियों ने सीधे संवाद कर महिलाओं को कार्यस्थल सुरक्षा, कानूनों और अधिकारों की जानकारी दी।

टैक्सी और डिलीवरी बॉय का चरित्र सत्यापन
जयपुर पुलिस ने पहली बार ऑनलाइन सेवाएँ देने वाले टैक्सी (रैपिडो, उबर, ओला) चालकों और खाद्य सेवाओं (जोमेटो, स्विग्गी) के डिलीवरी बॉय का चरित्र सत्यापन अभियान शुरू किया है।
पिछले तीन दिनों में 680 चालकों और डिलीवरी बॉय का सत्यापन किया गया है। अभियान के दौरान टीपीनगर, घाटगेट, एसएमएस अस्पताल, चौमू पुलिया, सिन्धी कैम्प, दुर्गापुरा तिराहा, रेलवे स्टेशन सहित कई स्थानों पर विशेष जांच की गई।
हेल्पलाइन और शिकायतें
अभियान के दौरान महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई:
-
साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन: 1930
-
महिला हेल्पलाइन: 1090, 8764868200
-
पुलिस कंट्रोल: 100, 112
-
चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
तीन दिनों में:
-
निर्भया महिला हेल्पलाइन पर 18 शिकायतें, जिनमें से 11 आरोपी गिरफ्तार।
-
महिला गरिमा हेल्पलाइन और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर 77 शिकायतें दर्ज।












































