Home latest सारोला डकैती कांड को लेकर स्वर्णकार समाज में आक्रोश

सारोला डकैती कांड को लेकर स्वर्णकार समाज में आक्रोश

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

डग/झालावाड़ | सुनील निगम

झालावाड़ जिले के सारोला कस्बे में 16 मई 2026 की रात हुई भीषण डकैती की घटना को लेकर स्वर्णकार समाज में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। घटना के विरोध में सोमवार को समस्त स्वर्णकार समाज ने पैदल मार्च निकालकर डग तहसील पहुंचते हुए तहसीलदार शिव सिंह जाटव को राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग

ज्ञापन में समाज ने डकैती में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और उचित मुआवजा देने की मांग की।

समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि सारोला निवासी महेश कुमार सोनी के घर में आधा दर्जन हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घुस आए थे। बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर महिलाओं और बुजुर्गों के साथ मारपीट की तथा करीब 140 किलो चांदी, 1 किलो सोना और लगभग ₹10 लाख नकद लूटकर फरार हो गए।

कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

स्वर्णकार समाज ने घटना को जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल बताते हुए कहा कि इस प्रकार की वारदातों से व्यापारियों और स्वर्णकार समाज में भय का माहौल बन रहा है।

समाज ने पुलिस प्रशासन से विशेष जांच टीम गठित कर लूटी गई संपत्ति की बरामदगी और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग

ज्ञापन में जिले में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने, व्यापारियों की सुरक्षा मजबूत करने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।

समाज ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश मंत्री एवं समाज अध्यक्ष दिलीप सोनी, रामकरण सोनी, शंकर लाल सोनी, किशोर सोनी, विनोद सोनी, मुकेश सोनी, विमल सोनी, विष्णु सोनी, भगवती सोनी, राजेश सोनी, अश्वनी सोनी, विजय सोनी, ओमप्रकाश सोनी, ऋतिक सोनी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version