लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मेले का लुत्फ लेने उमड़े शहरवासी, खानपान से लेकर कॉन्टेस्ट तक भरपूर आकर्षण
जयपुर | आर.एन. सांवरिया
जयपुर | सरस राज सखी मेला इन दिनों जयपुरवासियों के लिए स्वाद, संस्कृति और मनोरंजन का बड़ा केंद्र बना हुआ है। मेले में लगे फूड स्टॉल देश की समृद्ध खानपान परंपरा की शानदार झलक पेश कर रहे हैं, जहां स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार पारंपरिक और आधुनिक व्यंजनों का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। 
देसी स्वाद से लेकर फास्ट फूड तक भरपूर विकल्प
मेले में दाल-बाटी-चूरमा, पराठा, पूड़ी-सब्ज़ी, कचौड़ी, पकौड़ी, दूध-जलेबी, रबड़ी, बाजरे व मक्के की रोटी, केर-सांगरी, राब, छाछ, बीकानेरी मिठाइयाँ और जीआई टैग प्राप्त कलाड़ी विशेष आकर्षण बने हुए हैं।
इसके साथ ही चाय-पकौड़े, कुल्हड़ चाय, भेलपुरी, दही पापड़ी, पाव भाजी, दाबेली, वड़ापाव, स्वीट कॉर्न, गाजर का हलवा, टमाटर सूप, कुल्फी, आइसक्रीम, कॉफी-कोल्ड कॉफी, बर्गर, सैंडविच, मोमोज, चाउमीन, पास्ता, मैगी, इडली, लिट्टी-चोखा जैसे विविध व्यंजन फूड कोर्ट को स्वाद प्रेमियों के लिए खास बना रहे हैं।
फोटोग्राफी और इन्फ्लुएंसर कॉन्टेस्ट बना आकर्षण
मेले में रचनात्मकता और डिजिटल सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए फोटोग्राफी और इन्फ्लुएंसर कॉन्टेस्ट आयोजित किए जा रहे हैं। फोटोग्राफी कॉन्टेस्ट के तहत आगंतुक मेले के रंगीन पलों, सांस्कृतिक झलकियों और यादगार क्षणों को कैमरे में कैद कर राजीविका द्वारा निर्धारित टैग्स के साथ सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं, जिससे उन्हें प्रतिदिन आकर्षक पुरस्कार जीतने का अवसर मिल रहा है।
वहीं डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स के लिए आयोजित इन्फ्लुएंसर मीट में शहर के प्रमुख कंटेंट क्रिएटर्स ने भाग लिया। प्रतिभागियों को 30 दिसंबर तक मेले से जुड़ा रचनात्मक कंटेंट साझा करने का अवसर दिया गया है।
इस कॉन्टेस्ट के विजेताओं की घोषणा 4 जनवरी को की जाएगी, जिसमें
-
प्रथम पुरस्कार: ₹1.50 लाख
-
द्वितीय पुरस्कार: ₹1 लाख
-
तृतीय पुरस्कार: ₹50 हजार
विजेताओं का चयन कंटेंट की गुणवत्ता, स्टोरी टेलिंग, रचनात्मकता, ऑडियंस एंगेजमेंट और समग्र प्रभाव के आधार पर किया जाएगा।
लकी खरीदार अवॉर्ड: शॉपिंग करो, इनाम जीतो
मेले के 18 दिनों तक आगंतुकों के लिए दैनिक लकी खरीदार अवॉर्ड योजना चलाई जा रही है। इसके तहत प्रतिदिन लकी ड्रॉ के माध्यम से दो भाग्यशाली खरीदारों को ₹20,000 से ₹50,000 तक के आकर्षक उपहार दिए जा रहे हैं। 
₹1,000 की न्यूनतम खरीदारी पर वैध बिल के साथ कूपन शाम 5 बजे तक जमा करने वाले खरीदार इस ड्रॉ में शामिल हो सकते हैं। ड्रॉ प्रतिदिन शाम 5 से 6 बजे के बीच पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित किया जा रहा है।
इनामों की लंबी सूची
लकी ड्रॉ में स्मार्ट LED टीवी, डबल डोर फ्रिज, DSLR/मिररलेस कैमरा, ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन, स्मार्टफोन, एयर कूलर, स्पोर्ट्स साइकिल, स्मार्ट वॉच, एयर फ्रायर, होम थिएटर साउंडबार, टैबलेट, रोबोट वैक्यूम क्लीनर, कॉफी मशीन, एयर प्यूरीफायर, हैंडलूम बेडस्प्रेड, ब्लूटूथ ईयरबड्स, क्रिकेट किट सहित कई आकर्षक उपहार शामिल हैं।
सरस राज सखी मेला स्वाद, संस्कृति, खरीदारी और इनामों के अनूठे संगम के रूप में शहरवासियों को खास अनुभव दे रहा है।


















































