लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्टर: मोहित गर्ग
सरमथुरा (धौलपुर)। सरमथुरा कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई और कई स्थानों पर चना-मटर के आकार के ओले गिरे।
अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे एक बार फिर सर्दी बढ़ गई। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े।
मौसम विभाग द्वारा पूर्व में ही कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। मौसम में आए इस बदलाव का जनजीवन पर हल्का असर देखने को मिला, हालांकि बाजारों और सड़कों पर आवाजाही सामान्य रही।
चिकित्सकों ने मौसम परिवर्तन को देखते हुए खान-पान में सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार ऐसे मौसम में सर्दी, जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
वहीं किसानों ने तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई है।