लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: प्रदीप कुमार डागा
नागौर/खींवसर। नागौर जिले में पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खींवसर क्षेत्र के पांचलासिद्धा गांव में हिस्ट्रीशीटर भोपालराम विश्नोई के अवैध रूप से निर्मित मकान पर दोपहर करीब 12 बजे प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
थानाधिकारी खींवसर ने बताया कि भोपालराम विश्नोई के विरुद्ध कुल 14 मामले दर्ज हैं, जिनमें मादक पदार्थों की तस्करी, हत्या, हत्या के प्रयास और पुलिस पर फायरिंग जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। वर्तमान में वह दो मामलों में बंद है।
पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से गोचर भूमि पर अतिक्रमण कर मकान निर्माण किए जाने की सूचना मिली थी। प्रशासनिक समन्वय के बाद तथ्यों की पुष्टि कर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान खींवसर थाना और पांचौड़ी थाना पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त अभियान जारी रहेगा।