लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) थीम के तहत जिला प्रशासन एवं राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, भीलवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत नगर निगम भीलवाड़ा द्वारा क्लीन ड्राइव चलाकर प्लास्टिक वेस्ट का संग्रहण एवं जब्ती अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 1300 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया। जिले के समस्त सरकारी विद्यालयों तथा गैर-सरकारी संस्थानों—स्विफ्ट स्कूल एवं एस-टेक स्कूल/कॉलेजों—में प्रभात फेरी, प्रश्नोत्तरी, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
इसी क्रम में लगभग 50 सरकारी विज्ञान शिक्षकों एवं व्याख्याताओं को कंचन इंडिया लिमिटेड के पेट बोतल रीसाइक्लिंग से फाइबर निर्माण प्लांट तथा शहरी मल-जल उपचार संयंत्र (एसटीपी प्लांट) का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। वहीं, रसद विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को कपड़े के थैले वितरित किए गए।
कार्यक्रम श्रृंखला का मुख्य आयोजन सायंकाल मेवाड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, भीलवाड़ा में संपन्न हुआ, जिसमें भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता पद्मश्री हिम्मताराम भांभू ने अपनी 55 वर्षों की पर्यावरण संरक्षण यात्रा साझा करते हुए उपस्थितजनों को प्रेरित किया। उन्होंने भीलवाड़ा के उद्यमियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इस दिशा में और सशक्त पहल का आह्वान किया।
विधायक अशोक कोठारी ने राज्य सरकार द्वारा पिछले दो वर्षों में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास की दिशा में किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए आगामी तीन वर्षों में इस क्षेत्र में नई योजनाएं लाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ख्यातिप्राप्त पर्यावरणविद् डॉ. अनिल मेहता एवं समाजसेवी व प्रेरक वक्ता डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने भी पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार रखे और मिशन लाइफ को अपनाकर शाश्वत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने का संदेश दिया। डॉ. मेहता ने उद्यमियों से पर्यावरण अनुकूल तकनीक अपनाने तथा अन्न की तर्ज पर वस्त्र निर्माण को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन मंच समन्वयक एडवोकेट विजय हिंद जालिमपुरा ने किया। इस अवसर पर उपवन संरक्षक मरिया शाइन ए., क्षेत्रीय अधिकारी दीपक धनेटवाल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र के.के. मीणा, रीको लिमिटेड उपमहाप्रबंधक संजय नेनावती, अधीक्षण वैज्ञानिक अधिकारी महेश कुमार सिंह, एमसीसीआई मानद महासचिव आर.के. जैन सहित अनेक उद्योगपति, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।















































