लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
29 जुलाई से जयपुर में हुई प्रदेश कार्यशाला
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले— संत रविदास के विचार आज भी सामाजिक समरसता के प्रेरणास्रोत, अजेय कुमार ने अभियान की रूपरेखा की घोषणा
जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 से प्रदेशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा की है। अभियान की शुरुआत से पहले जयपुर के जेएलएन मार्ग स्थित आरआईसी सभागार में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम और प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
संत रविदास के विचार समाज के लिए प्रेरणास्रोत: मुख्यमंत्री
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज को नई दिशा दी है और संत गुरु रविदास महाराज के विचार आज भी सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे की स्थापना के लिए प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि संत रविदास का संदेश था कि व्यक्ति की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होती है। समाज में सम्मान और प्रतिष्ठा कर्म के आधार पर मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास ने सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाया, जो आज भी प्रासंगिक है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति की। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समाज को जोड़ने की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस ने समाज को बांटने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में डबल इंजन सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है। ईआरसीपी, यमुना जल परियोजना, देवास परियोजना और माही बांध जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। साथ ही राज्य सरकार ने पेपर लीक मामलों में 450 से अधिक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की है।
दुष्यंत गौतम बोले— महापुरुषों के विचार जन-जन तक पहुंचाना लक्ष्य
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महापुरुषों के सम्मान और उनके विचारों के प्रचार-प्रसार का व्यापक कार्य हुआ है।
उन्होंने बताया कि काशी में संत रविदास से जुड़े पवित्र स्थलों का विकास किया गया है और उनके जीवन से संबंधित शोध कार्यों को भी बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गुरु रविदास के विचारों को गांव-गांव और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
29 जुलाई से शुरू होगा समरसता संकल्प अभियान
भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे राजस्थान में समरसता संकल्प अभियान संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता और सामाजिक एकता के संदेश को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाना है।
अभियान के प्रमुख चरण
- 29 जुलाई: गुरु पूर्णिमा की संध्या पर दीप महोत्सव।
- 29 जुलाई से 10 सितंबर: कलश वंदन अभियान।
- 29 जुलाई से 31 अगस्त: संत संपर्क अभियान।
- 5 अक्टूबर से 5 नवंबर: गुरु रविदास समरसता यात्रा।
- 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027: छात्रावास संपर्क अभियान।
अजेय कुमार ने कहा कि समाज को जातिवाद, गोत्रवाद और क्षेत्रवाद जैसी संकीर्ण सोच से ऊपर उठाकर सामाजिक समरसता को मजबूत करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
प्रदेश स्तरीय समिति का गठन
कार्यक्रम के दौरान संत गुरु रविदास जयंती वर्ष समारोह के सफल संचालन के लिए प्रदेश स्तरीय समिति के गठन की भी घोषणा की गई। समिति का नेतृत्व भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी करेंगे। समिति में निहालचंद मेघवाल, अनिता भदेल, चंद्रकांता मेघवाल और जगसीराम कोली को सदस्य बनाया गया है।
कार्यशाला में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, कैलाश मेघवाल, डॉ. मिथिलेश गौतम, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।