लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पेपर लीक पर चर्चा से बच रही कांग्रेस, युवाओं के भविष्य से नहीं है सरोकार: भाजपा नेता
जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि संसद और प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देना लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के खिलाफ है।
डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर विषय पर विपक्ष सदन में चर्चा करने से बच रहा है और उसका उद्देश्य केवल हंगामा खड़ा करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के घटनाक्रमों से स्पष्ट है कि राहुल गांधी और विपक्ष का रवैया लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने वाला है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह लोकतांत्रिक व्यवस्था और कानून के साथ खड़ी है या फिर दंगों, हिंसक गतिविधियों और अराजक तत्वों का समर्थन कर रही है। डॉ. चतुर्वेदी ने राहुल गांधी द्वारा यूपीए सरकार के दौरान अध्यादेश फाड़ने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भी उनका आचरण लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
‘पेपर लीक पर राजनीति कर रही है कांग्रेस’
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पेपर लीक के मुद्दे पर राजनीति कर रही है और युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेपर लीक के मुद्दे पर संसद में चर्चा और फास्ट ट्रैक जांच के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष चर्चा से बच रहा है क्योंकि इससे कांग्रेस शासित राज्यों में हुई घटनाओं पर भी सवाल उठेंगे।
गहलोत सरकार के कार्यकाल का किया जिक्र
डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में 19 पेपर लीक की घटनाएं हुई थीं, लेकिन उस समय न तो किसी ने जिम्मेदारी ली और न ही निष्पक्ष जांच कराई गई। उन्होंने यह भी कहा कि उस दौर में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट द्वारा उठाए गए मुद्दों पर भी कांग्रेस सरकार ने सकारात्मक रुख नहीं अपनाया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व जनता तथा युवाओं को गुमराह कर रहा है और उसका उद्देश्य केवल राजनीतिक प्रदर्शन करना है।