लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मांडलगढ़। सन्त निरंकारी मंडल के उपखंड क्षेत्र के अनुयायियों ने रविवार को ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के तहत त्रिवेणी संगम स्थित नदी घाटों और आसपास के परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की।
ब्रांचमुखी दुर्गालाल महात्मा के सानिध्य में संतों की टीम ने नदी किनारे फैली गंदगी को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान घाटों और जलाशय क्षेत्र की सफाई कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का आह्वान किया गया।
ब्रांचमुखी दुर्गालाल महात्मा ने कहा कि जल परमात्मा का अमूल्य वरदान है और इसे सुरक्षित रखना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण के लिए वैधानिक मापदंडों का पालन करते हुए समुचित प्रबंधन की योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी भी सराहनीय है।
श्रमदान के दौरान मुकेश महात्मा (चोधरियास), रामप्रसाद महात्मा (काछोला), राजकुमार महात्मा, राधेश्याम महात्मा (मांडलगढ़), कैलाश महात्मा, लादूलाल महात्मा (सोपूरा), प्रहलाद महात्मा, सुनील महात्मा सहित अन्य संतजन उपस्थित रहे।
इस पहल से क्षेत्र में स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।