Home latest संभागीय आयुक्त ने अस्पताल में अन्नपूर्णा रसोई का लाभ समझाया

संभागीय आयुक्त ने अस्पताल में अन्नपूर्णा रसोई का लाभ समझाया

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

 

डीग । संभागीय आयुक्त भरतपुर डॉ. टीना सोनी और जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने गुरुवार को उपखंड कुम्हेर का औचक निरीक्षण कर शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय,  अन्नपूर्णा रसोई तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुम्हेर में निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से आत्मीय संवाद किया और उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने मरीजों से सीधे पूछा – “आपने खाना खाया या नहीं?”। मरीजों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें भोजन की सुविधा मिल रही है।

संभागीय आयुक्त ने इस अवसर पर राज्य सरकार की श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मात्र 8 रुपये में पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंदों को किफायती दर पर गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल रहा है। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों को प्रेरित किया कि आवश्यकता पड़ने पर इस योजना का लाभ अवश्य उठाएँ।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अन्नपूर्णा रसोई की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और प्रबंधन व्यवस्था का भी अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजना की जानकारी प्रत्येक लाभार्थी तक समय पर पहुँचे और किसी को भी इसका लाभ लेने में कठिनाई न हो। मरीजों व परिजनों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और इसे गरीबों के लिए राहतकारी बताया।

राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय नवीन का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, कक्षाओं की स्थिति तथा पठन-पाठन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यालय में अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता को देखते हुए तत्काल प्रस्ताव शिक्षा विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता और बच्चों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

इसके अलावा उन्होंने सहकारी बैंक का निरीक्षण कर किसान क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र किसान तक योजना का लाभ पहुँचाया जाए। जो किसान अब तक वंचित रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता दी जाए।

संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि साफ-सफाई और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वच्छता और किसानों का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है और इन क्षेत्रों में पारदर्शिता व समयबद्धता से कार्य सुनिश्चित किया जाए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version