Home latest समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत, हर कार्यकर्ता का होना चाहिए सम्मान:...

समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत, हर कार्यकर्ता का होना चाहिए सम्मान: वसुंधरा राजे

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक यात्रा और भविष्य की दिशा पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में प्रबुद्धजनों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने संगठन की जमीनी यात्रा और पुराने कार्यकर्ताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के मूल विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं को हर समय सम्मान मिलना चाहिए।

राजे ने कहा कि संगठन में जिम्मेदारियां उन्हीं कार्यकर्ताओं को दी जानी चाहिए जो निष्ठावान, समर्पित और संस्कारों से जुड़े हों। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा का मूल सिद्धांत विचारधारा पर आधारित है और इससे किसी भी स्थिति में समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि “भाजपा की शक्ति वे कार्यकर्ता हैं जो बचपन से ही संगठन से जुड़े रहे हैं, न कि वे लोग जो केवल व्यक्तिगत लाभ के लिए पार्टी का उपयोग करते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने हमेशा सिद्धांतों और नैतिकता को सर्वोपरि रखा, जो आज भी संगठन के लिए प्रेरणा हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संगठन की संघर्षपूर्ण यात्रा को याद करते हुए कहा कि पार्टी आज एक विशाल वटवृक्ष के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को संगठन की वैचारिक नींव बताया।

राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि और जनसंघ से इसके विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने “एक राष्ट्र, एक जन, एक संस्कृति” को पार्टी की मूल पहचान बताया।

इस अवसर पर मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने भी संबोधित करते हुए भाजपा को कार्यकर्ता आधारित पार्टी बताया और आपातकाल के दौर की संघर्ष गाथा को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान 1952 से सक्रिय वरिष्ठ कार्यकर्ताओं सहित कई प्रबुद्धजनों को माला, साफा और शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा सहित कई मंत्री, सांसद एवं विधायक उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version