लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने गिनाईं उपलब्धियां
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने समर्पण दिवस के अवसर पर प्रदेश बजट को राजस्थान के जनकल्याण और विकास को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट ‘सर्वजन हिताय–सर्वजन सुखाय’ के मूल मंत्र को सार्थक करता है तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत को आगे बढ़ाने वाला है।
रमेश सोनी ने कहा कि बजट में समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की भावना को केंद्र में रखा गया है। इसमें युवा, महिला, किसान और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
युवाओं और महिलाओं के लिए विशेष घोषणाएं
उन्होंने बताया कि—
-
युवाओं को 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देने की घोषणा की गई है।
-
लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को दी जाने वाली सहायता राशि को एक लाख से बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अजमेर के लिए विशेष प्रावधान
अजमेर शहर की समस्याओं को लेकर भी बजट में विशेष ध्यान दिया गया है।
-
ड्रेनेज समस्या के समाधान के लिए 200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट प्रावधान किया गया है।
-
अजमेर के विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए अजमेर विद्युत ग्रिड को अब AI तकनीक से संचालित किया जाएगा।
उन्होंने इसे विकसित राजस्थान की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया।
संकल्प पत्र की प्रगति
रमेश सोनी ने कहा कि पार्टी के संकल्प पत्र में 392 घोषणाएं की गई थीं, जिन्हें पांच वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने मात्र दो वर्षों में ही 282 घोषणाएं पूरी कर दी हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है तथा प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।















































