लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अवैध क्लीनिक संचालित होने के आरोप
बालोतरा बस स्टैंड क्षेत्र में बिना डिग्री इलाज का मामला, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल
समदड़ी। समदड़ी कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कथित झोलाछाप डॉक्टरों द्वारा अवैध रूप से क्लीनिक संचालित किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन पर न तो प्रशासन का डर है और न ही चिकित्सा विभाग की सख्ती का प्रभाव दिखाई देता है।
बालोतरा बस स्टैंड पर अवैध क्लीनिक का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार बालोतरा बस स्टैंड क्षेत्र में ‘संजय क्लिनिक’ नाम से एक 10 बेड का क्लीनिक लंबे समय से संचालित हो रहा है। आरोप है कि यहां बिना मान्य डिग्री और लाइसेंस के मरीजों का इलाज किया जा रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों से मोटी फीस वसूली जाती है।
स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि संबंधित व्यक्ति स्वयं को एमबीबीएस डॉक्टर बताकर उपचार करता है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
कार्रवाई से पहले मिल जाती है सूचना?
ग्रामीणों का कहना है कि जब भी ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) की टीम कार्रवाई के लिए पहुंचती है, तो क्लीनिक संचालकों को पहले ही इसकी भनक लग जाती है और वे मौके से फरार हो जाते हैं। इसके बाद क्लीनिक को सील कर दिया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद पुनः संचालन शुरू हो जाता है।
कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि गलत उपचार के कारण गंभीर परिणाम सामने आए हैं, लेकिन मामले दबा दिए जाते हैं।
प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने जिला चिकित्सा विभाग और प्रशासन से मांग की है कि बिना डिग्री और लाइसेंस संचालित हो रहे क्लीनिकों की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इन आरोपों की जांच कर क्या कदम उठाता है।
