लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी (बालोतरा)। कस्बे में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। पुलिस की रात्रि गश्त और कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। हाल ही में खिमाणिया वाला बेरे पर हुई चोरी की वारदात का अब तक खुलासा नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।
चोरों ने करीब 5 लाख 50 हजार रुपए नकद, 26 तोला सोने के आभूषण और 5 किलो चांदी के आइटम पर हाथ साफ कर दिया। घटना के 2–3 दिन बाद भी पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
समदड़ी ठाकुर नटवर करण सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर जिला पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सीआई नरपतदान रतनू को सौंपा। इसके बाद तहसील कार्यालय में जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन तहसीलदार शैतान सिंह भाटी को दिया गया।
कलबी समाज तहसील अध्यक्ष उम्मेदाराम आंजणा ने बताया कि पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में चोरियां हो रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में चोर पकड़े जाने और माल बरामद होने के बावजूद पीड़ितों को अब तक सामान नहीं सौंपा गया।
ग्रामीणों ने पुलिस को 5 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि प्रकरण संख्या 38/2026 सहित अन्य मामलों का खुलासा कर चोरी का माल बरामद नहीं किया गया तो 5 दिन बाद शांतिपूर्ण तरीके से पुलिस थाने के आगे धरना दिया जाएगा, जो बरामदगी तक जारी रहेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष कानाराम चौधरी, भाजपा जिला मंत्री पारस प्रजापत, समदड़ी मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बोराणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


















































