लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गांव गोठियाना में हजारों लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
गुरुवार रात छोटा लाम्बा गांव के पास हुए सड़क हादसे में भारतीय नौसेना के जवान और गोठियाना गांव निवासी सरदार बेरवा का निधन हो गया। शुक्रवार को उनके पैतृक गांव गोठियाना में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जवान का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा हुआ सैन्य वाहन से गांव लाया गया, जहां पूरे मार्ग में लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धांजलि दी और नम आंखों से विदाई दी।
शादी से ठीक एक दिन पहले मौंत, गांव में पसरा मातम
जवान सरदार बेरवा का विवाह 30 नवंबर को होना था, लेकिन उससे एक दिन पहले ही सड़क दुर्घटना में उनके असमय निधन की खबर से गांव में गहरा मातम छा गया। परिवारजन रो-रोकर बेहाल हैं और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
सरदार बेरवा का अंतिम संस्कार गांव के पास स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय भीलो की ढाणी के निकट किया गया, जहां भारतीय नौसेना और थल सेना के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
अंतिम संस्कार से पूर्व नौसेना और थल सेना के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि देने वालों में—
-
विधायक विकास चौधरी
-
बोराड़ा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद
-
अरांई थाना प्रभारी छोटू लाल मीणा
-
नेवी अधिकारी मुकेश ठोलिया
-
थल सेना के जसविंदर सिंह
-
सरपंच पुखराज कलवार
सहित आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीण मौजूद रहे।
विधायक विकास चौधरी ने कहा,
“सरदार की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। यह परिवार और समाज दोनों के लिए अपूर्णीय क्षति है।”

सरपंच की महत्वपूर्ण भूमिका
घटना की जानकारी मिलते ही सरपंच पुखराज कलवार मौके पर पहुंचे और परिजनों को हर संभव सहयोग दिया।
उन्होंने अंतिम संस्कार के लिए ग्राम पंचायत की ओर से भूमि उपलब्ध करवाई और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
स्कूल और अस्पताल का नाम जवान सरदार बेरवा के नाम पर करने की मांग
ग्रामीणों, समाजजनों और परिवारजनों ने विधायक विकास चौधरी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि गांव के
-
सरकारी स्कूल तथा
-
अस्पताल
का नाम सैनिक सरदार बेरवा के नाम पर रखा जाए।
विधायक ने आश्वासन देते हुए कहा कि वह इस मांग को लगातार आगे बढ़ाएंगे। विधायक चौधरी अस्पताल से लेकर अंतिम संस्कार तक जवान के पार्थिव शरीर के साथ मौजूद रहे।











































