लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में राजसमंद परिवहन विभाग की जागरूकता पहल
राजसमंद (गौतम शर्मा): जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जिला परिवहन विभाग द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को केलवा और कांकरोली स्थित कस्तूरबा स्कूल में परिवहन विभाग के डीटीओ राघव शर्मा के नेतृत्व में इंस्पेक्टर अनिता पंवार ने स्कूली छात्रों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में बच्चों को “सड़क सुरक्षा की यही पुकार, बिना हेलमेट सब बेकार” का संदेश दिया गया। इंस्पेक्टर पंवार ने कहा कि जीवन अमूल्य है और इसे सुरक्षा के साथ जिएं। उन्होंने विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, चलती बाइक पर मोबाइल पर बात न करने, सड़क संकेतों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की सीख दी।
पंवार ने चेतावनी दी कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित किया गया। अंत में बच्चों ने जिम्मेदारी से वाहन चलाने की शपथ भी ली।













































