सावधान: गलत UPI ट्रांजेक्शन होने पर घबराएं नहीं

0
21
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

इन 4 आसान उपायों से पा सकते हैं पैसा वापस

जयपुर (आर. एन. सांवरिया)। डिजिटल इंडिया के दौर में UPI से भुगतान करना बेहद आसान हो गया है, लेकिन थोड़ी सी लापरवाही या गलत नंबर टाइप होने से आपकी मेहनत की कमाई किसी अनजान खाते में पहुंच सकती है। ऐसी स्थिति में परेशान होने की जरूरत नहीं है। राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने आमजन के लिए एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें गलत ट्रांजेक्शन की स्थिति में पैसा वापस पाने के आसान तरीके बताए गए हैं।

1. तुरंत सुरक्षित करें डिजिटल सबूत

जैसे ही पता चले कि पैसा गलत खाते में ट्रांसफर हो गया है, सबसे पहले ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट लें और UTR (Unique Transaction Reference) नंबर नोट कर लें। यह 12 अंकों का नंबर ही आपके पैसे की रिकवरी में सबसे महत्वपूर्ण होता है।

2. UPI ऐप पर तुरंत Dispute दर्ज करें

जिस ऐप (Google Pay, PhonePe, Paytm आदि) से भुगतान किया है, उसकी ट्रांजेक्शन हिस्ट्री में जाकर “Report a Problem” या “Raise a Dispute” विकल्प चुनें। इससे बैंक और पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर को तुरंत जानकारी मिल जाती है और ट्रांजेक्शन को ट्रैक करना आसान हो जाता है।

3. बैंक को तुरंत दें सूचना

गलत ट्रांजेक्शन के बाद बिना देरी किए अपने बैंक की शाखा या कस्टमर केयर से संपर्क करें। बैंक को लाभार्थी की UPI ID, ट्रांजेक्शन का समय और राशि की जानकारी लिखित में दें। RBI के नियमों के अनुसार समय पर सूचना देने से रिफंड की प्रक्रिया तेज हो सकती है।

4. NPCI पोर्टल पर करें शिकायत

यदि ऐप या बैंक से समाधान नहीं मिलता है, तो आप NPCI (National Payments Corporation of India) के पोर्टल या हेल्पलाइन 1800-120-1740 पर संपर्क कर सकते हैं।

साइबर पुलिस की खास सलाह

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर राजस्थान पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

  • भुगतान से पहले मोबाइल नंबर या QR कोड स्कैन करने के बाद दिखने वाले नाम को दोबारा जांचें

  • किसी अनजान व्यक्ति के दबाव या कॉल पर आकर तुरंत भुगतान न करें

  • पैसा प्राप्त करने के लिए कभी भी PIN डालने या QR कोड स्कैन करने की जरूरत नहीं होती।

तुरंत करें शिकायत

यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की आशंका हो तो तुरंत:

  • राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल: https://cybercrime.gov.in

  • साइबर हेल्पलाइन: 1930

  • साइबर हेल्पडेस्क नंबर: 9256001930 / 9257510100

सतर्कता और समय पर कार्रवाई से आप अपनी डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं और गलत ट्रांजेक्शन की स्थिति में अपना पैसा वापस पाने की संभावना बढ़ा सकते हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here