लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा।(पंकज पोरवाल) श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट, नौगांवा की ओर से रविवार को भगवान सांवरिया सेठ का भव्य श्रृंगार किया गया। बालचंद लवकुश काबरा परिवार की ओर से भगवान को छप्पन भोग लगाया गया और प्रसाद का वितरण किया गया। पंडित दीपक आनंद पाराशर और पंडित प्रकाश शर्मा द्वारा भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया गया।
मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन भी हुआ, जिसमें “सांवरिया सेठ दे दे नौगांवा का मालिक दे दे” जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नाचने लगे। श्रद्धा और भक्ति से भरे इस माहौल ने पूरे मंदिर परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि आगामी 21 दिसंबर को भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मेवाड़ के प्रसिद्ध गुंजन साउंड रायला के गायक सत्तू भाई विशेष प्रस्तुति देंगे। इस दिन भगवान को पोष बड़े दाल-ढोकले का भोग भी लगाया जाएगा।
इसके अलावा, 26 मार्च को मंदिर परिसर में जोधपुर के गवर्नमेंट श्री राधा कृष्ण महाराज के श्रीमुख से भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसकी तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं।
छप्पन भोग आयोजन के बाद राकेश काबरा और सारिका काबरा ने अपनी 25वीं विवाह वर्षगांठ व जन्मदिन को एक अनोखे और प्रेरणादायी तरीके से मनाया। भव्य समारोहों से दूर, उन्होंने माधव गोशाला में गायों की सेवा करते हुए यह दिवस मनाया। गोशाला में गायों को चारा खिलाकर और सेवा कर दंपत्ति ने समाज के लिए यह संदेश दिया कि विशेष अवसरों को सेवा और सद्भाव से जोड़कर मनाना ही सच्ची खुशी है।















































