लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चित्तौड़गढ़। पशुपालन, डेयरी, गोपालन और देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत रविवार को चित्तौड़गढ़ जिले के दौरे पर रहे। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने प्रसिद्ध कृष्णधाम सांवलिया सेठ मंदिर से की।
मंत्री कुमावत ने मंदिर में विधिवत दर्शन किए और भगवान के चरणों में माथा टेककर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में शांति और अनुशासन का माहौल रहा, और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
मंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की थी। मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
दर्शन के बाद मंदिर के पुजारी द्वारा मंत्री का परंपरागत स्वागत किया गया। उन्हें चरणामृत और तुलसी का पत्ता दिया गया और उपरणा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक परंपराओं का विशेष ध्यान रखा गया और सभी रस्में सादगी से निभाई गईं।
मंत्री कुमावत ने श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
सुमेरपुर से सांवलियाजी तक का दौरा
मंत्री कुमावत सुमेरपुर से सीधे सांवलिया सेठ मंदिर पहुंचे। उनके साथ समर्थक और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। दर्शन के बाद उन्होंने कुछ समय मंदिर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके पश्चात मंत्री मेवाड़ कुमावत समाज के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए, जहां समाज के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।



















































