लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर : चित्तौड़गढ़ के सांसद सीपी जोशी ने देशभर में चल रहे मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण और पुनरीक्षण अभियान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी नागरिकों, मतदाताओं और संबंधित अधिकारियों से सक्रिय सहयोग की अपील की है।
सांसद जोशी ने कहा कि मतदाता सूची की सटीकता और शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती और निष्पक्षता की आधारशिला है। वर्तमान में निर्वाचन विभाग द्वारा घर-घर सर्वे के माध्यम से पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बीएलओ नागरिकों तक फॉर्म पहुंचा रहे हैं। नागरिकों को अपनी रंगीन फोटो लगाकर आवश्यक विवरण भरने की अपील की गई है।
सीपी जोशी ने कहा, “हर पात्र नागरिक का नाम सही तरीके से मतदाता सूची में होना लोकतंत्र में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करता है। यह सिर्फ प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्रहित से जुड़ा महत्वपूर्ण जन अभियान है।” उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने घर में मृतक व्यक्तियों के नाम हटवाने और गैर-नागरिक या अयोग्य लोगों के नाम हटवाने में भी सहयोग करें।
सांसद ने युवाओं, पहली बार मतदाता बनने वालों और नई कॉलोनियों में रहने वाले नागरिकों से भी कहा कि वे आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें और समय पर अपनी प्रविष्टियां सुनिश्चित करवाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, निष्पक्षता और पारदर्शिता इस बात पर निर्भर करती है कि मतदाता सूची कितनी सटीक और शुद्ध है। इसलिए हर नागरिक का सहयोग अनिवार्य और मूल्यवान है।
