लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
6 से 60 साल तक के खिलाड़ी दिखा रहे अपनी प्रतिभा
खेलों के जरिए अनुशासन और देशभक्ति का संदेश
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। जयपुर में सांसद खेल महोत्सव अपने चरम पर पहुंच गया है। खेल प्रतियोगिताओं में गूंज रहे “भारत माता की जय” के जयकारों से मैदानों में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बन गया है। शहरवासी न केवल खेलों का आनंद ले रहे हैं, बल्कि सामूहिक खेल भावना और अनुशासन का संदेश भी दे रहे हैं।
खो-खो, कबड्डी, रस्साकशी, सतोलिया जैसे पारंपरिक खेलों में बच्चे, युवा और 60 साल तक के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। क्रिकेट, वॉलीबाल, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेनिस और एथलेटिक्स जैसे खेलों के अधिकांश सेमीफाइनल मैच पूरे हो चुके हैं। मंगलवार से फाइनल मुकाबले शुरू होंगे।
आज सवाई मानसिंह स्टेडियम में मटका दौड़, चम्मच दौड़, 100 मीटर दौड़, रस्साकशी और सतोलिया प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। वहीं चौगान स्टेडियम में क्रिकेट, वॉलीबाल, खो-खो और फुटबॉल के मैच खेले गए। वार्ड-मंडल स्तर के मुकाबलों के बाद अब विधानसभावार मैच जारी हैं।
इन खेलों में राजनेता, समाजसेवी, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।













































