लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पादूकलां। नागौर सांसद एवं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल शनिवार को एक दिवसीय चित्तौड़ दौरे पर जा रहे थे, जब उनके काफिले का कस्बे में भव्य स्वागत किया गया। नेशनल हाईवे 58 बाईपास पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें राजस्थानी परंपरा अनुसार माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया।
सुबह से ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल था। जैसे ही सांसद बेनीवाल बाईपास पहुंचे, उनके स्वागत की गूंज पूरे इलाके में सुनाई दी। युवाओं में सेल्फी लेने की भी जबरदस्त होड़ लगी रही। कस्बे के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों जैसे डोडियाना, लांपोलाई, पादू खुर्द और थाट से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महिलाएं भी परंपरागत परिधानों में स्वागत के लिए मौजूद रहीं।
इस अवसर पर सांसद बेनीवाल ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “पार्टी कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ की हड्डी हैं। आपके सहयोग और मेहनत से ही रालोपा ने प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया और कहा कि गांव-ढाणी तक जनता की समस्याओं को उठाना उनका संकल्प है।
हनुमान बेनीवाल ने जोर देकर कहा कि रालोपा हमेशा किसानों, युवाओं और आमजन की आवाज़ बुलंद करती रहेगी।




















































