लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झालावाड़। झालावाड़ जिले के बकानी-रटलाई क्षेत्र में सांसद दुष्यन्त सिंह की जनसंवाद पदयात्रा के तहत खोली गांव से प्रस्थान करते हुए राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य के सपनों पर आत्मीय चर्चा की तथा विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिरिक्त कक्षा-कक्षों की आवश्यकता रखे जाने पर सांसद ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (एमपी लैड) से दो अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण हेतु राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इसके साथ ही उन्होंने बकानी ब्लॉक के सभी विद्यालयों में पुस्तकालयों के सुदृढ़ीकरण एवं विकास के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध हो सकें।
सांसद दुष्यन्त सिंह ने कहा कि उनका संकल्प स्पष्ट है—ग्रामीण अंचल के प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शिक्षण वातावरण और समुचित संसाधन उपलब्ध कराना। उन्होंने कहा, “शिक्षा सशक्त होगी तो भविष्य उज्ज्वल होगा।”



















































