लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
“वोट चोर गद्दी छोड़” जैसे नारे फैलाने वालों को SIR प्रक्रिया दिखाएगी आईना — सांसद
भीलवाड़ा। (विनोद सेन)
विशेष गहन परीक्षण (SIR) के तहत सांसद दामोदर अग्रवाल ने आम नागरिक की तरह स्वयं अपने परिवार सहित SIR फार्म भरकर BLO को सौंपा और मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।
सांसद प्रवक्ता विनोद झुरानी ने बताया कि अग्रवाल ने जनता से अपील की कि वे भी अपना मत सुरक्षित बनाए रखने के लिए SIR परिगणना प्रपत्र अवश्य भरें और निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि SIR परिगणना से दोहरे नाम जैसी विसंगतियाँ समाप्त होंगी तथा प्रत्येक मतदाता का नाम केवल एक ही सूची में दर्ज रहेगा, जिससे “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा।
कांग्रेस के “वोट चोर गद्दी छोड़” नारे पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद अग्रवाल ने कहा कि SIR प्रक्रिया ऐसे राजनीतिक नारों का जवाब है और यह पारदर्शिता का आईना प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि बाहरी ताकतें जो चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करती हैं, उन पर भी इस व्यवस्था से लगाम लग सकेगी।
सांसद अग्रवाल ने निष्पक्ष और पारदर्शी परिगणना व्यवस्था के लिए निर्वाचन आयोग का आभार व्यक्त किया। साथ ही लोकसभा क्षेत्र के सभी नागरिकों और मतदाताओं से अपील की कि वे SIR फार्म भरकर इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग करें।













































