लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सामूहिक विवाह सामाजिक सुधार की सराहनीय पहल : सांसद
जयपुर।
जयपुर सांसद मंजू शर्मा माली समाज–सैनी समाज द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया तथा आयोजन समिति, सहयोगकर्ताओं और समाज के प्रबुद्धजनों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सांसद मंजू शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सामूहिक विवाह सामाजिक सुधार की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इससे दहेज प्रथा, दिखावे और अनावश्यक खर्च जैसी सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी रोक लगती है। माली–सैनी समाज द्वारा किया गया यह आयोजन समाज को नई दिशा देने वाला उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि विवाह जैसी परंपराएं जब सादगी, समानता और सामाजिक एकता के साथ संपन्न होती हैं, तो वे समाज को मजबूत बनाती हैं। सामूहिक विवाह कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए सम्मानजनक समाधान प्रदान करता है और समाज में सकारात्मक संदेश देता है। ऐसे आयोजनों से आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना सुदृढ़ होती है।
युवाओं से आगे आने का आह्वान
सांसद मंजू शर्मा ने सभी समाजों के युवाओं और सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे आगे बढ़कर ऐसी सामूहिक और प्रेरणादायी परंपराओं को निरंतर आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि जब समाज संगठित होकर सकारात्मक पहल करता है, तो उसका लाभ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचता है।
समारोह में समाज के वरिष्ठजन, आयोजन समिति के पदाधिकारी, परिजन एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्सवपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

मालावाला गांव में विश्राम गृह का लोकार्पण व शिलान्यास
इसके पश्चात सांसद मंजू शर्मा ने जमवारामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मालावाला गांव में ठाकुरजी मंदिर के समीप नव-निर्मित विश्राम गृह का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विश्राम गृह के निर्माण से क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में जमवारामगढ़ विधायक महेन्द्रपाल मीणा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।















































