लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सांभरलेक (रिपोर्ट: डब्लू गोस्वामी)।
ब्रह्मा कुमारीज़ द्वारा देशभर में चलाए जा रहे रक्तदान अभियान के तहत सांभर में 24 अगस्त, रविवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी ऋषिराज कपिल रहेंगे।
शिविर की तैयारियों के तहत स्थानीय ब्रह्मा कुमारी संस्था में तहसीलदार सृष्टि जैन ने आज बैनर व पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का एक पुनीत कार्य है और हर व्यक्ति को इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
देशव्यापी अभियान और लक्ष्य
स्थानीय ब्रह्मा कुमारी प्रमुख उर्मिला बहन ने बताया कि विश्व बंधुत्व दिवस और दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पूरे भारत और नेपाल में 22 से 25 अगस्त तक रक्तदान अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत एक लाख यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है ताकि ज़रूरतमंदों को समय पर रक्त मिल सके और उनकी जान बचाई जा सके।
स्थानीय संस्थाओं का सहयोग
ब्रह्मा कुमारी रीना बहन ने बताया कि रक्तदान के लिए स्थानीय सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के साथ-साथ स्कूलों और महाविद्यालयों को भी आमंत्रित किया गया है। सभी के सहयोग से सांभर में भी रक्तदान का नया रिकॉर्ड स्थापित होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में उपस्थिति
इस अवसर पर संस्था से जुड़े बड़ी संख्या में भाई-बहन उपस्थित रहे और रक्तदान शिविर की सफलता के लिए संकल्प लिया।