लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भरतपुर। महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय, भरतपुर में छात्र संघर्ष समिति के तत्वावधान में “सामाजिक-शैक्षणिक संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भागीरथ सिंह (विभाग संघचालक), विशिष्ट अतिथि अरविंदपाल सिंह (प्रदेश उपाध्यक्ष, राजस्थान फुटबॉल संघ) एवं कुलसचिव सी.एस. जोरवाल द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलसचिव सी.एस. जोरवाल ने की तथा मंच संचालन डॉ. पुष्पेन्द्र सोलंकी ने किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि भागीरथ सिंह ने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित, सामाजिक एवं पारिवारिक मूल्यों, पर्यावरण और संस्कृति के संरक्षण हेतु प्रेरित किया। उन्होंने नैतिक शिक्षा, सेवा-भावना एवं चरित्र निर्माण पर विशेष बल दिया।
विशिष्ट अतिथि अरविंदपाल सिंह ने विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास में अपने योगदान की चर्चा करते हुए भविष्य में भी संघर्ष समिति एवं प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने का आश्वासन दिया। उन्होंने रोडवेज बस संचालन, जलापूर्ति और सड़क चौड़ीकरण जैसी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रबंधन के साथ समन्वय का भरोसा दिलाया।
विद्यार्थियों की मांगें एवं समाधान
बी.ए. एलएल.बी., जूलॉजी एवं केमिस्ट्री विभाग के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक फीस में कटौती, परीक्षा परिणाम समय पर जारी करने, परीक्षा संबंधी त्रुटियों के शीघ्र समाधान, शिक्षक-विद्यार्थी संवाद सत्र नियमित कराने, छात्र उपस्थिति प्रभारी शिक्षक की नियुक्ति तथा पारदर्शी शुल्क निर्धारण प्रणाली लागू करने जैसी मांगें रखीं। कुलसचिव श्री सी.एस. जोरवाल ने इन सभी मांगों पर सकारात्मक एवं त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट लोकेश तमरौली ने विश्वविद्यालय में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और संवाद की संस्कृति को सुदृढ़ करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंच संचालक डॉ. पुष्पेन्द्र सोलंकी ने वीर शिरोमणि, हिन्दू धर्म रक्षक एवं अजेय योद्धा महाराजा सूरजमल के जीवन, उनके अद्भुत शौर्य, नेतृत्व एवं सामाजिक समरसता के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को महाराजा सूरजमल जी के आदर्शों से प्रेरित होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। अतिथियों को साफा एवं पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति रही।










































