लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद जिले से बड़ी खबर सामने आई है। रेलमगरा थाना पुलिस ने 924 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थानाधिकारी सोनाली शर्मा के नेतृत्व में की गई। मामला खड़ बामणिया गांव के पास का बताया जा रहा है।
रात में नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया आरोपी
जानकारी के अनुसार, रेलमगरा पुलिस टीम ने शनिवार रात को रेलमगरा और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की सघन चेकिंग और नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक अफीम लेकर गुजरने वाला है।
सूचना पर पुलिस ने फैणसी बावाजी मंदिर के पास सख्त नाकाबंदी की। थोड़ी देर बाद अंधेरे में एक युवक थैली लेकर पैदल आता दिखाई दिया। शक के आधार पर पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ की।
थैली से बरामद हुई 924 ग्राम अफीम
पूछताछ में युवक ने अपना नाम अंकित (19 वर्ष) पुत्र बालूराम जाट, निवासी मेवड़ा, थाना कपासन, जिला चित्तौड़गढ़ बताया।
जब पुलिस ने उसकी थैली की तलाशी ली तो उसमें से 924 ग्राम अवैध तरल अफीम बरामद हुई।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
थानाधिकारी सोनाली शर्मा ने बताया कि पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और अफीम तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियों की तलाश की जा रही है।
















































