लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
कृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य चैतन्य झांकियों का आयोजन
जयपुर। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर वैशाली नगर स्थित ब्रह्माकुमारीज़ राजयोग भवन में भव्य चैतन्य झांकियों का आयोजन बड़े ही उत्साह एवं श्रद्धा भाव से किया गया।
झांकियों का शुभारम्भ ब्रह्माकुमारीज़ की क्षेत्रीय संचालिका राजयोगिनी सुषमा दीदी, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया, पूर्व अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष जसबीर सिंह, सेवानिवृत्त डी.जी.पी. बी.एल. सोनी एवं स्थानीय पार्षद प्रवीण यादव द्वारा दीप प्रज्वलन एवं आरती कर किया गया।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्था समाज में आध्यात्मिक मूल्यों और सद्भावना का वातावरण निर्मित कर रही है।
झांकियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विविध प्रसंगों का सजीव अनुभव किया। मुख्य आकर्षण में राजदरबार, राधे-कृष्ण का झूला, पुष्पक विमान, विराट स्वरूप, ओखली से बंधने का दृश्य एवं सागर मंथन की अद्भुत झलक रही। झांकियों की सुंदरता, प्रकाश व्यवस्था और भक्ति संगीत ने वातावरण को दिव्य एवं अलौकिक बना दिया।
सेण्टर प्रभारी बीके चन्द्रकला दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि “कृष्ण जन्माष्टमी का वास्तविक संदेश है—मन में दिव्यता जागृत करना और जीवन में पवित्रता एवं सत्यनिष्ठा का संकल्प लेना। झांकियों का उद्देश्य समाज को इसी आध्यात्मिक प्रेरणा से जोड़ना है।”
रात्रि 12 बजे जन्मोत्सव का हर्षोल्लासपूर्वक आयोजन किया गया। घंटों तक भक्तिरस में डूबे श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण जन्म की वेला का आनंद लिया और ‘नंद के आनंद भयो’ के मधुर गान से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर जयपुर शहर के हजारों श्रद्धालु, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर झांकियों के दर्शन किए और इस दिव्य आयोजन के साक्षी बने।









































