लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से सोमवार को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने राजस्थान विधानसभा में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और विधानमंडलों में नवाचारों सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने हरविंद्र कल्याण का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उन्हें “दो वर्ष नवाचार” पुस्तक, राजस्थान विधानसभा के लोगो की प्रतिकृति, विधानसभा की नियमावली एवं विधानसभा समितियों से संबंधित प्रकाशन स्मृति-स्वरूप भेंट किए। वहीं, हरविंद्र कल्याण ने भी हरियाणा विधानसभा की नियमावली और विभिन्न प्रकाशनों की प्रतियां देवनानी को भेंट कीं।
भेंट के बाद देवनानी ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष को राजस्थान विधानसभा भवन, सदन, राजनीतिक आख्यान संग्रहालय तथा कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान का भ्रमण कराया। हरविंद्र कल्याण ने विधानसभा की आधुनिक व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली और संग्रहालय में संजोई गई लोकतांत्रिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान विधानसभा का भ्रमण उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। उन्होंने विधानसभा में किए गए नवाचारों को अन्य विधानमंडलों के लिए भी अनुकरणीय बताया।
इससे पूर्व हरविंद्र कल्याण ने सिविल लाइंस स्थित विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के राजकीय आवास पर भी शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर देवनानी ने उनका दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया और अपनी पुस्तक “सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि” की प्रति भेंट की।
बैठक के दौरान दोनों विधानसभा अध्यक्षों ने भारतीय संस्कृति, संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने तथा राज्यों के बीच श्रेष्ठ संसदीय कार्यप्रणालियों और अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर भी विचार-विमर्श किया।