लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ — श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। जिले के सादुलशहर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीन दिनों से लापता 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
जानकारी के अनुसार बीती रात एक अज्ञात महिला युवक को मृत अवस्था में सरकारी अस्पताल में छोड़कर चली गई। अस्पताल प्रशासन द्वारा सूचना देने पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए।
परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि युवक पिछले तीन दिनों से घर से लापता था और अचानक इस तरह शव का अस्पताल में छोड़ा जाना कई सवाल खड़े करता है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से भी इनकार कर दिया, जिसके चलते अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और परिजनों से समझाइश की।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा उस महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है, जो युवक को अस्पताल छोड़कर गई थी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।